बेतिया। बिहार के बेतिया जिले के सिरिसिया थाना क्षेत्र के तुरहापटी वार्ड नंबर 4 में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक व्यक्ति का शव घर के अंदर फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। मृतक की पहचान रामतपस्या शर्मा, पिता स्वर्गीय अनंत शर्मा, निवासी तुरहापटी वार्ड नंबर 4 के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार 8 मार्च को रामतपस्या शर्मा को यह जानकारी मिली थी कि उनकी पत्नी कविता शर्मा का किसी अन्य व्यक्ति के साथ प्रेम संबंध चल रहा है। इस बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद और कहासुनी भी हुई थी। बताया जा रहा है कि विवाद के बाद कविता शर्मा ने अपनी मां को फोन कर बुला लिया और बच्चों के साथ मायके चली गई। इसके बाद से रामतपस्या शर्मा काफी तनाव और मानसिक परेशानी में रहने लगे थे। इसी दौरान उनका शव घर में फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची सिरिसिया थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच बेतिया भेज दिया। बताया जा रहा है कि मृतक अपने पीछे एक बेटा और एक बेटी छोड़ गए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।




0 Comments