कर्नाटक के विजयपुरा जिले से रिश्तों की बेवफाई और खूनखराबे की एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की खौफनाक साजिश रच डाली। आधी रात को गला दबाकर और गुप्तांगों पर वार करके उसे खत्म करने की कोशिश की गई। लेकिन मकान मालिक की सतर्कता और कूलर के शोर ने पति की जान बचा दी।
घटना इंडी कस्बे के अक्कमहादेवी नगर की है। 1 सितंबर की रात बीरप्पा पुजारी अपने किराए के मकान में सो रहा था। तभी उसकी नींद टूटी और उसने पाया कि उसकी छाती पर कोई शख्स बैठा गला दबा रहा है, जबकि दूसरा उसके पैरों को जकड़े हुए लगातार प्रहार कर रहा था। अंधेरे में मौत से जूझते हुए जब बीरप्पा ने संघर्ष किया, तभी उसका पैर कूलर से टकराया और तेज आवाज गूंजी। इसी आवाज से मकान मालिक जागे और मौके पर पहुंचे।
सबसे चौंकाने वाली बात यह थी कि पत्नी सुनंदा पुजारी खुद हमलावरों को उकसा रही थी—“इसे खत्म कर दो, छोड़ो मत।” बीरप्पा ने देखा कि उसका गला दबाने वाला कोई और नहीं बल्कि उसकी पत्नी का प्रेमी सिद्दप्पा कटानाकेरी था। साथ में एक और शख्स भी था, जिसका चेहरा ढका हुआ था। दोनों धमकी देकर फरार हो गए।
हमले में बुरी तरह घायल बीरप्पा को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी गर्दन और गुप्तांग गंभीर रूप से जख्मी हैं। पुलिस ने पत्नी सुनंदा को गिरफ्तार कर लिया है जबकि प्रेमी सिद्दप्पा फरार है। विजयपुरा एसपी लक्ष्मण निंबर्गी ने उसकी तलाश के लिए विशेष टीम गठित की है।
यह मामला कोई अकेला नहीं है। हाल के वर्षों में मेरठ, कानपुर और इंदौर जैसे शहरों में भी पत्नियों द्वारा प्रेमियों के साथ मिलकर पति की हत्या के कई मामले सामने आ चुके हैं। यह वारदात एक बार फिर दिखाती है कि जब रिश्तों में भरोसा टूटता है तो उसका अंजाम कितना खौफनाक हो सकता है।





0 Comments