रायपुर। तिल्दा नेवरा थाना क्षेत्र में सड़क पर खड़ी मोटरसाइकिल को हटाने की बात को लेकर हुए विवाद में चाकूबाजी की घटना सामने आई थी। इस वारदात में शामिल दो फरार आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
मामला 24 जुलाई का है जब मुकेश यादव और उसका दोस्त दिनेश साहू घर के सामने बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान पोई उर्फ़ चंद्रकांत साहू, धनुष निषाद और उनके साथी पहुंचे और मोटरसाइकिल हटाने की बात को लेकर गाली-गलौज करने लगे। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने मुकेश और दिनेश पर धारदार चाकू से हमला कर दिया। इसमें मुकेश यादव के पेट और भुजा पर तथा दिनेश साहू के सिर पर गंभीर चोटें आई थीं।
घटना की रिपोर्ट पर थाना तिल्दा नेवरा में अपराध क्रमांक 311/2025 धारा 296, 351(3), 109, 3(5) बीएनएस एवं 25, 27 आर्म्स एक्ट दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। वारदात के बाद से फरार चल रहे आरोपी धनुष निषाद (20) और सोनू उर्फ हेमंत साहू (21) को मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (सीजी 04 क्यूडी 4895) भी जब्त कर ली है।




0 Comments