बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में बुधवार रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में एक युवक ने युवती पर पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश की। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत आग बुझाई, लेकिन युवती का हाथ झुलस गया है। फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
घटना कैसे हुई
जानकारी के मुताबिक, 21 वर्षीय युवती का परिवार व्यापार विहार स्थित आईसीआईसीआई बैंक के नीचे पान ठेला चलाता है। बुधवार की रात वह अपने भाई के साथ ठेले पर बैठी थी। इसी दौरान वहां संजू ठाकुर (25), जो उसका पूर्व परिचित है, अपने दोस्त के साथ पहुंचा और युवती को बाहर चलने के लिए दबाव बनाने लगा। युवती के मना करने पर उसने बदसलूकी शुरू कर दी।
आसपास मौजूद युवकों ने विरोध किया और संजू की पिटाई कर उसे भगा दिया। लेकिन कुछ देर बाद वह बोतल में पेट्रोल लेकर दोबारा आया और युवती पर डालकर आग लगा दी। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह आग बुझाई और पुलिस को सूचना दी।
तत्काल पुलिस कार्रवाई
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को अस्पताल पहुंचाया। सिविल लाइन सीएसपी निमितेश सिंह ने बताया कि आरोपी संजू ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं उसके साथी की तलाश जारी है।
आरोपी शादीशुदा, बदले की थी नीयत
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह शादीशुदा है और युवती से पहले दोस्ती थी। युवती के इनकार और उसकी पिटाई होने से नाराज होकर उसने बदला लेने के लिए यह खतरनाक कदम उठाया।




0 Comments