रायपुर,NEWS : शराब घोटाले के मुख्य आरोपी पूर्व IAS अधिकारी अनिल टुटेजा और कारोबारी अनवर ढेबर को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट से बड़ी राहत मिली है। दोनों ने रायपुर जेल में पुनः स्थानांतरण के लिए याचिका दायर की थी, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया है। अब प्रशासन को आदेश दिया गया है कि उन्हें वापस रायपुर सेंट्रल जेल में स्थानांतरित किया जाए।
इससे पहले, जेल प्रशासन ने दोनों पर जेल में अनुशासन भंग करने का आरोप लगाते हुए उन्हें कांकेर और जगदलपुर जेल भेज दिया था। निचली अदालत ने इस स्थानांतरण को मंजूरी दी थी। लेकिन आरोपियों ने यह कहते हुए हाईकोर्ट में चुनौती दी कि केस रायपुर में चल रहा है, वकील और परिवार भी यहीं हैं, ऐसे में अन्य जेलों में शिफ्ट होना उनके कानूनी अधिकारों के खिलाफ है।
हाईकोर्ट के जस्टिस अरविंद वर्मा की एकल पीठ ने सुनवाई के बाद दोनों की दलील को उचित माना और उन्हें रायपुर में वापस रखने का आदेश जारी किया।
गौरतलब है कि हाल के महीनों में आबकारी, कोयला और कस्टम मिलिंग घोटाले के कई आरोपियों को रायपुर से अन्य जेलों में स्थानांतरित किया गया था, क्योंकि उन पर जेल के भीतर सिंडिकेट चलाने और विशेष सुविधाएं लेने के आरोप लगे थे।





0 Comments