पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय की अंतिम सेमेस्टर की परीक्षा इस बार नए पैटर्न से होगी। परीक्षा का आयोजन ऑनलाइन किया जा सकता है। परीक्षा के लिए आवेदन कि प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। पिछली बार की तरह ही इस बार भी फीस ली जा रही है। इसे लेकर अब विरोध शुरू हो गया है। गुरुवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने रविवि में प्रदर्शन किया। छात्र संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि जब विकल्प के तौर पर परीक्षा का आयोजन ऑनलाइन किया जाएगा तो फिर पहले जैसी फीस क्यों ली जा रही है। कोरोना काल में फीस में कटौती कर छात्रों को राहत देना चाहिए। इससे पहले, एबीवीपी के कार्यकर्ता आज दोपहर ढोल नगाड़े के साथ रविवि पहुंचे। विवि पहुंचकर जमकर हंगामा किया। विश्वविद्यालय की ओर से अंतिम सेमेस्टर की परीक्षा के लिए आवेदन शुरू हो चुके हैं।
एमए, एमकॉम, एमएससी, बीएड, एलएलबी समेत अन्य की सेमेस्टर परीक्षा के फार्म भरे जा रहे है। प्रति सेमेस्टर परीक्षा फीस हजार रुपए से अधिक है। वहीं दूसरी ओर आवेदन में भी तकनीकी दिक्क्तों को छात्रों को परेशानी हो रही है। इसे लेकर एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने विरोध किया। उनका कहना है कि आवेदन के दौरान आ रही तकनीकी दिक्कतों को दूर करने के लिए विशेष व्यवस्था होनी चाहिए। ताकि छात्रों को परेशान न होना पड़े। गौरतलब है कि प्रदर्शन में एबीवीपी के विभाग संयोजक विकास मित्तल, महानगर मंत्री विभोर सिंह ठाकुर, आकाश शर्मा, अखिलेश त्रिपाठी, सुप्रिया सिंह, भर्ती साहू, शेखर झा समेत अन्य शामिल रहे।
प्रवेश के आवेदन के लिए भी समय दिया जाए
रविवि व उससे संबद्ध कॉलेजों के फर्स्ट ईयर में दाखिले की प्रक्रिया चल रही है। इसके तहत ऑनलाइन आवेदन भरे जा रहे हैं। 17 अगस्त तक फार्म भरे जाएंगे। इसके बाद 18 अगस्त को दाखिले की पहली लिस्ट जारी होगी। इसे लेकर एबीवीपी के कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रवेश के लिए भी ऑनलाइन आवेदन करने छात्रों को दिक्कत हो रही है। कई छात्रों को प्रवेश की जानकारी तक नहीं मिली है। इसलिए एडमिशन के लिए आवेदन की तारीख आगे बढ़ायी जाए।

.jpeg)
.jpeg)

0 Comments